जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौघड़ गांव में रविवार की रात एक शादी समारोह के दौरान बगल के मकान का छज्जा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गए।

जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौघड़ गांव में रविवार की रात एक शादी समारोह के दौरान बगल के मकान का छज्जा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, आधा दर्जन लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। दो लोगों को गंभीर हालत में बनारस के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान नौघड़ गांव निवासी वृद्ध अर्जुन साह (70 वर्ष) व संतोष प्रसाद के पुत्र अभिषेक कुमार (10 वर्ष) के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी राम सूरत सिंह के पुत्र राकेश कुमार की शादी भगवानपुर थाना क्षेत्र के नौघड़ गांव निवासी खोभारी सिंह की पुत्री अनिता कुमारी के साथ रविवार को थी। बरात पहुंचने के बाद द्वार पूजा लगाने की तैयारी हो रही थी। इसको लेकर गांव के लोग खोभारी सिंह के दरवाजे पर खड़े थे।
गांव के लोगों की माने तो, डीजे की धमक से सामने स्थित गली में बगल के कपिल साह के मकान का जर्जर छज्जा गिर गया। जिसके चलते द्वार पूजा देखने के लिए गली में खड़े सभी लोग मलबे में दब गए। वृद्ध व बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नौघड़ गांव के स्व. बिरेन्द्र साह उम्र के पुत्र मुकेश कुमार (6 वर्ष), बाला बिद (65 वर्ष), विमल बिद के पुत्र अरुण कुमार (5 वर्ष), रमेश यादव के पुत्र दुर्गेश कुमार (7 वर्ष), अनिल यादव के पुत्र अभिमन्यु कुमार (13 वर्ष) व तेजू यादव घायल हो गए। भगवानपुर पीएचसी से अभिमन्यु कुमार, दुर्गेश कुमार व तेजू यादव को सदर अस्पताल भभुआ के लिए रेफर कर दिया गया। वहां से अभिमन्यु कुमार व दुर्गेश कुमार को बनारस रेफर किया गया।